श्रीलंका को लेकर क्या हमें भी डरना चाहिए ? - श्रवण गर्ग जनता द्वारा बर्खास्त कर दिए जाने के बाद श्रीलंका से भागकर मालदीव के रास्ते सिंगापुर पहुँचने वाले 73- वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे का कोलम्बो में समुद्र किनारे बना विशाल शासकीय निवास इन दिनों उनके देशवासियों की अतृप्त आकांक्षाओं का पर्यटन स्थल बना हुआ है। औपनिवेशिक काल के दो सौ साल पुराने इस राष्ट्रपति भवन को देखने पचास किलोमीटर यात्रा करके पहुँचे बौद्ध भिक्षु सुमेधा की पहली प्रतिक्रिया यह थी कि :’ इस तरह के सुविधा - सम्पन्न आलीशान भव...